825353207 1639415880885566 875129506773050499 n

पाली। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) आरक्षण के नियमों में व्यावहारिक सुधार और प्रमाण-पत्र प्रक्रिया के सरलीकरण की मांग को लेकर बाड़मेर के शिव से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी की ‘EWS सरलीकरण यात्रा’ 28 सितंबर को पाली पहुंचेगी। पश्चिमी राजस्थान के विभिन्न जिलों में जनसंवाद करते हुए निकल रही इस यात्रा के तहत पाली शहर में एक विशाल रोड शो और आमसभा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा के स्वागत और व्यवस्थाओं को लेकर पाली में विभिन्न समाजों और प्रबुद्धजनों की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

यात्रा की रूपरेखा और स्वागत तैयारियों को लेकर पाली के बजरंग बाग रोड स्थित झाला गार्डन में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राजपूत, राजपुरोहित, ब्राह्मण, जैन, माहेश्वरी, सिंधी और बिश्नोई समाज सहित सर्वसमाज के प्रमुख प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। बैठक में रोड शो के प्रस्तावित रूट, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और सभा स्थल के प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रतिनिधियों ने एकमत होकर ईडब्ल्यूएस के विसंगतिपूर्ण नियमों के खिलाफ इस मुहिम को गांव-ढाणी तक पहुंचाने और यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

तय कार्यक्रम के अनुसार 28 सितंबर को शाम करीब 5 बजे पणिहारी चौराहा से विधायक रविंद्र सिंह भाटी के नेतृत्व में भव्य रोड शो शुरू होगा। यह रोड शो शहर के प्रमुख मार्गों नया बस स्टैंड, मस्तान बाबा, कलेक्ट्रेट सर्किल, सूरजपोल और अंबेडकर सर्किल होते हुए राजा पार्क-बजरंग बाग रोड पहुंचेगा। रोड शो के समापन पर बजरंग बाग रोड पर एक विशाल जनसभा का आयोजन होगा, जिसे रविंद्र सिंह भाटी सहित अन्य वक्ता संबोधित करेंगे।

विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने 25-26 सितंबर के दौरान बाड़मेर से इस मुहिम की शुरुआत की थी। वे ईडब्ल्यूएस आरक्षण व्यवस्था में भूमि और आय संबंधी कड़े नियमों की समीक्षा करने, प्रमाण-पत्र बनवाने की जटिल प्रक्रिया को सरल बनाने तथा राज्य सरकार द्वारा जारी ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्रों को केंद्रीय सेवाओं व केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में भी पूरी मान्यता दिलाने की मांग प्रमुखता से उठा रहे हैं। भाटी का तर्क है कि पश्चिमी राजस्थान की भौगोलिक, कृषि और आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नियमों में व्यावहारिक छूट दी जानी चाहिए। बाड़मेर से शुरू हुई यह यात्रा पाली होते हुए आगामी दिनों में जोधपुर पहुंचेगी।

About The Author

Avatar

By Sumerpur News

विश्व में सबसे तेजी से बढ़ती हुई सुमेरपुर न्यूज़ राष्ट्रीय हिंदी समाचार वेबसाइट है, जो हिंदी न्यूज साइटों में सबसे अधिक विश्वसनीय, प्रामाणिक और निष्पक्ष समाचार अपने समर्पित पाठक वर्ग तक पहुंचाती है। यह अन्य भाषाई साइटों की तुलना में अधिक विविधतापूर्ण मल्टीमीडिया कंटेंट उपलब्ध कराती है। इसकी प्रतिबद्ध ऑनलाइन संपादकीय टीम हर रोज विशेष और विस्तृत कंटेंट देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!