सुमेरपुर/पाली। राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र और पाली जिले के सघन दौरे के दौरान क्षेत्रवासियों को विद्युत तंत्र, शिक्षा और ग्रामीण आधारभूत ढांचे से जुड़े कई विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मंत्री ने ग्राम पंचायत डैण्डा में 33/11 केवी जीएसएस, भांवरी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नवनिर्मित विकास कार्यों सहित कुरना और खोड़ ग्राम पंचायतों में विभिन्न परियोजनाओं का विधिवत लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही पाली जिला मुख्यालय स्थित सेंट जेवियर स्कूल में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग का बतौर मुख्य अतिथि उद्घाटन किया।

पाली में 70वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता का आगाज
पाली के सेंट जेवियर स्कूल में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने राजस्थान के सभी जिलों से पहुंचे नन्हे और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि खेल केवल शारीरिक सौष्ठव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, विपरीत परिस्थितियों से लड़ने का आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का संचार करते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं और राज्य व राष्ट्र का नाम रोशन करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरें।

डैण्डा में 33/11 केवी जीएसएस का शिलान्यास, मजबूत होगा विद्युत ढांचा
सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डैण्डा में ऊर्जा विभाग के अंतर्गत जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (Jodhpur Discom) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने 33/11 केवी जीएसएस (ग्रिड सब-स्टेशन) और अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इस जीएसएस के तैयार होने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों और ढाणियों में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी तथा किसानों को सिंचाई के लिए गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सकेगी। इस अवसर पर पाली के पूर्व सांसद पुष्प जैन, प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, सेवानिवृत्त अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी रामलाल कुमावत, प्रशासक दिलीप सिंह उम्मेद सिंह सोनीगरा, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता खीम सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षाविद् गिरधारी सिंह और अपर लोक अभियोजक चैन सिंह सांखला सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।

भांवरी, कुरना और खोड़ में विकास कार्यों का लोकार्पण
दौरे की अगली कड़ी में कैबिनेट मंत्री ने ग्राम पंचायत भांवरी में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में प्रशासक श्रीमती सुनीता त्रिवेदी, प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल और रामलाल कुमावत मौजूद रहे। इसके बाद ग्राम पंचायत कुरना में ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए विभिन्न जनसुविधाओं का लोकार्पण किया गया। कुरना में आयोजित सभा में प्रशासक लाभुराम देवासी, पूर्व महामंत्री यशवंत सैन, आनंद सिंह गिरवर, हुकमसिंह खरोकड़ा, भीखम सिंह और गजेंद्र सिंह कुरना उपस्थित रहे।
वहीं ग्राम पंचायत खोड़ में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह के दौरान खोड़ मंडल अध्यक्ष हुक्म सिंह खरोड़ा, प्रशासक श्रीमती दुर्गा रूपेश दाधीच, पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश सीरवी, समाजसेवी किरण सिंह परिहार और बूथ अध्यक्ष गंगा सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सभी कार्यक्रमों में ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार किसान, पशुपालक, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए धरातल पर काम कर रही है तथा सुमेरपुर विधानसभा का हर कोना विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।
