पाली। सेंट जेवियर उच्च माध्यमिक विद्यालय की मेजबानी में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय 14 वर्षीय (प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयी) लॉन टेनिस प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को कोर्ट पर जबर्दस्त रोमांच देखने को मिला। राजस्थान के विभिन्न जिलों से पहुंचीं 50 से अधिक टीमों के नन्हे टेनिस सितारों ने जीत दर्ज करने के लिए बेहतरीन सर्विस, तेज फुटवर्क और आक्रामक शॉट्स का प्रदर्शन किया। मंगलवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद छात्रा वर्ग के सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है।
क्वार्टर फाइनल में दिखा कड़ा मुकाबला, ये 4 टीमें बनीं सेमीफाइनलिस्ट
प्रतियोगिता संयोजक एवं सेंट जेवियर स्कूल की प्रधानाचार्य उमा यादव ने बताया कि मंगलवार को छात्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में अजमेर, टोंक, नागौर, बीकानेर, जयपुर, उदयपुर, हनुमानगढ़ और जोधपुर की टीमों ने कोर्ट पर अपना दमखम दिखाया। एक-एक अंक के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।

शानदार खेल कौशल के दम पर चार टीमों ने अंतिम चार (सेमीफाइनल) में अपनी जगह पक्की की। अब खिताबी दौड़ के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में टोंक का सामना बीकानेर से होगा, जबकि दूसरे रोमांचक सेमीफाइनल मैच में जयपुर की भिड़ंत जोधपुर की टीम से होगी।
बीकानेर से आए तकनीकी निर्णायकों ने संभाला मोर्चा
मैचों को निष्पक्ष, पारदर्शी और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर स्तर से नियुक्त विशेष निर्णायक दल पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है। मंगलवार के मुकाबलों में शारीरिक शिक्षक प्रियंका कुमारी, भजनलाल, पुरुषोत्तम, नंदकिशोर बागड़ी, स्वरूप कुमार, उज्ज्वल दाधीच, प्रदीप, नरेश पाटीदार, विजयपाल सिंह एवं वीरेंद्र सिंह ने निर्णायक (रेफरी) की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सफल आयोजन में जुटी शिक्षा विभाग और खेल प्रकोष्ठ की टीम
टूर्नामेंट के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) कानाराम वागोरिया, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी तेज सिंह पंवार, सह संयोजक पिनल मोदी और सचिव राहुल परमार लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में जिला खेलकूद प्रभारी छेलेन्द्र सिंह राठौड़, राजेश पाटनेचा, कार्यालय खेलकूद प्रभारी लालचंद प्रजापति, शारीरिक शिक्षक भवानी बालवंशी, मुकेश मेवाड़ा, शैतानसिंह, कविता बालवंशी, मनोहर सिंह मुसालिया, अरुण चौधरी और विकास राजपुरोहित सहित खेल एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं। मैदान के चारों ओर साथी खिलाड़ियों और विभिन्न जिलों से आए टीम प्रभारियों का उत्साह देखते ही बन रहा है।
