पाली, 08 अप्रैल। पाली में नवपदस्थापित जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने बुधवार को नगर विकास न्यास का निरीक्षण कर न्यास द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
जिला कलक्टर ने नगर विकास न्यास सचिव एवं अधिशाषी अभियंता को निर्देश दिए कि मानसून से पूर्व शहर की सड़कों का सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही शहर के सौन्दर्यकरण के लिए मुख्य सड़कों के दोनों ओर पौधारोपण कार्य कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने नवीन सड़कों के निर्माण के लिए सर्वे कर अनुमानित लागत सहित विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इसके अतिरिक्त न्यास की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए नवीन आवासीय एवं वाणिज्यिक योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में प्रशिक्षु आईएएस बिरजू गोपाल चौधरी, सचिव नगर विकास न्यास डॉ. बजरंग सिंह, अधिशाषी अभियंता विकास लेघा, उप नगर नियोजक गणपतलाल सुथार एवं सहायक लेखाधिकारी अनिल व्यास उपस्थित रहे।

About The Author