चिकित्सा विभाग की ओर से गुरुवार को चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस पर गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई और चिकित्सकों ने उनको गर्भावस्था के समय स्वास्थ्य का खास ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही निशुल्क सोनोग्राफी करवाने के लिए मॉ वाउचर योजना के तहत कूपन प्रदान किए।
सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि गुरुवार को जिले के बांगड़ अस्पताल पाली, जिला अस्पताल सोजत, बाली, उप जिला अस्पताल सुमेरपुर व देसूरी, जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रो, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रो पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया गया और चिकित्सकों ने गर्भवती के स्वास्थ्य की जांच कर उनको गर्भावस्था के दौरान रखी जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया।
आरसीएचओ डॉ विजेन्द्रपाल सिंह चुंडावत ने बताया कि गर्भावस्था व प्रसव के दौरान होने वाले जोखिम को कम करने के लिए विभाग की ओर से प्रत्येक माह की 9, 18 व 27 तारीख को जिले के सभी सरकारी चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जाता है। अस्पतालों में गर्भवती की हिमोग्लोबिन, एचआईवी, सिफलिस, ब्लड प्रेशर, तापमान की जांच, हृदय स्पंदन व प्रसव से संबंधित जटिलताओं की जांच गई। वहीं विभाग के पीसीटीएस सॉफ्टवेयर में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की एलएमपी तारीख के अनुसार द्वितीय या तीसरी तिमाही वाली महिलाओं को सोनोग्राफी कराने के लिए मॉ वाउचर योजना के तहत कूपन दिए गए, ताकि कूपन के माध्यम से गर्भवती महिला विभाग के अधिकृत किसी भी निजी सोनोग्राफी सेंटर पर अपनी सोनोग्राफी निःशुल्क करवा सके।
