सुमेरपुर। शहर में बारावफात (ईद-ए-मिलाद-उन-नबी) का पर्व बुधवार को धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समाज की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया। जुलूस के दौरान डीजे की धुन पर ‘मरहबा, मरहबा’ के जयघोष गूंजते रहे।

जुलूस मुख्य बाजार, जवाई बांध रोड और हाउसिंग बोर्ड सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। मुस्लिम समाज के लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करते हुए अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

बारावफात के भव्य जुलूस का सुमेरपुर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा एवं सुमेरपुर विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष ललित परिहार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान दोनों समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला सचिव महेश परिहार, सुमेरपुर विधानसभा युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष कमलेश चौहान, सोशल मीडिया जिला प्रभारी कैलाश गोयल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बारावफात के अवसर पर मस्जिदों और घरों में विशेष इबादत की गई। साथ ही अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ की गई।

आयोजन के दौरान सुमेरपुर थाना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रही। पुलिस की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

About The Author