सुमेरपुर। नगर पालिका चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही शहर में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा की ओर से नगर पालिका सुमेरपुर के निकाय चुनाव प्रभारी एवं पूर्व प्रधान जीवनसिंह बांसिया ने शनिवार को संभावित प्रत्याशियों से पार्टी के आवेदन पत्र प्राप्त किए। इस दौरान नगर पालिका के सभी 35 वार्डों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा दावेदार पहुंचे।
प्रभारी जीवनसिंह बांसिया सुबह करीब 10 बजे इंद्राणी वाटिका पहुंचे और शाम करीब 5 बजे तक कार्यकर्ताओं के बीच रहे। इस दौरान कुल 163 दावेदारों ने अपने-अपने वार्ड से भाजपा प्रत्याशी बनने के लिए पार्टी के आवेदन पत्र जमा करवाए। सभी आवेदन पत्रों की जांच कर संबंधित दावेदारों को पावती दी गई।

पारदर्शिता के लिए कार्यकर्ताओं के बीच लिए आवेदन
प्रभारी बांसिया ने बताया कि पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों एवं पारदर्शिता को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार कार्यकर्ताओं के बीच जाकर आवेदन लेने का निर्णय किया गया। उन्होंने कहा कि इससे कार्यकर्ताओं में अच्छा संदेश गया है और लगभग सभी वार्डों से दावेदारों ने उत्साह के साथ आवेदन प्रस्तुत किए हैं।
उन्होंने कहा कि सभी 35 वार्डों से कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला है। दावेदारों की संख्या और कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी सुमेरपुर नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनेगा और कमल खिलेगा।

टिकट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज
नगर पालिका चुनाव की घोषणा के साथ ही सुमेरपुर में संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ गई है। भाजपा के कई वार्डों में स्थानीय स्तर पर मजबूत माने जाने वाले चेहरे चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं कुछ वार्डों में पार्टी के बड़े नेताओं और शहर के दिग्गज चेहरों के चुनाव लड़ने की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में जोर पकड़ रही हैं।
भाजपा युवा मोर्चा सहित पार्टी से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी भी अपने-अपने वार्डों से दावेदारी की तैयारी में जुटे हुए हैं। ऐसे में टिकट वितरण से पहले ही भाजपा के भीतर संभावित उम्मीदवारों के बीच मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है।
वहीं कांग्रेस की ओर से भी चुनावी गतिविधियां जारी हैं, हालांकि भाजपा की तुलना में फिलहाल उसकी तैयारियां अपेक्षाकृत कम सक्रिय नजर आ रही हैं। आने वाले दिनों में दोनों प्रमुख दलों की ओर से टिकट को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।
