सुमेरपुर/शिवगंज। श्याम मित्र मण्डल चैरिटेबल ट्रस्ट, सुमेरपुर-शिवगंज द्वारा अपने सेवा एवं धार्मिक कार्यों के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय रजत जयंती महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य खाटू श्याम रथ यात्रा के साथ हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा श्याम के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति का परिचय दिया।

श्रीराम मंदिर, सुमेरपुर से प्रारंभ हुई रथ यात्रा में बाबा खाटू श्याम जी का भव्य एवं आकर्षक रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। रथ को रंग-बिरंगे फूलों और विशेष सजावट से सजाया गया था। यात्रा के दौरान “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” तथा “जय श्री श्याम” के जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

photo 2026 06 06 20 02 14

रथ यात्रा में डीजे, बैंड-बाजे, घोड़े, ऊंट, ऊंटगाड़ियां, दोपहिया वाहनों का विशाल काफिला तथा चार पहिया वाहनों की लंबी कतार शामिल रही। सैकड़ों श्याम भक्त भगवा दुपट्टा धारण कर बाबा के जयकारे लगाते हुए यात्रा के साथ चल रहे थे। नगर के विभिन्न मार्गों पर श्रद्धालुओं एवं समाजसेवियों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया तथा कई स्थानों पर जलपान एवं प्रसादी की व्यवस्था भी की गई।

यात्रा सुमेरपुर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए छावनी क्षेत्र पहुंची और वहां से शिवगंज नगर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर पुनः श्रीराम मंदिर सुमेरपुर पहुंची। मंदिर परिसर में बाबा श्याम की विशेष आरती की गई, जिसके बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।

मण्डल के पदाधिकारियों ने बताया कि रजत जयंती महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार 7 जून को शिक्षा क्रांति रंगमंच पर विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध भजन गायक एवं कलाकार बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति देंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

photo 2026 06 06 20 02 15 2

कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में अर्जुन अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, महेश अग्रवाल, महेश गुप्ता, अनिल अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, राम अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, वंश अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, संजू शर्मा, अक्षय अग्रवाल सहित श्याम मित्र मण्डल एवं श्याम युवा मित्र मण्डल के अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

महोत्सव के माध्यम से ट्रस्ट के 25 वर्षों के सेवा, धर्म एवं समाजहित के कार्यों को भी स्मरण किया जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से भजन संध्या में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

About The Author