पाली, 18 अप्रैल। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में ‘सम्मान एवं सुरक्षा सप्ताह’ के अंतर्गत नगर पालिका सोजत सिटी परिसर में स्वच्छता साथियों के लिए विशेष हेल्थ चेकअप शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मियों ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई।
शिविर के दौरान चिकित्सकों द्वारा ब्लड प्रेशर, शुगर सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांचें की गईं तथा स्वच्छता साथियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
अधिशासी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता साथियों के स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित करना तथा उनके महत्वपूर्ण योगदान के प्रति सम्मान प्रकट करना रहा।
कार्यक्रम में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुप्ता के मार्गदर्शन में चिकित्सा विभाग की टीम एवं नगर पालिका के अधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रशासन ने स्वच्छता साथियों के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी आयोजन निरंतर जारी रखने का आश्वासन दिया।
