सुमेरपुर, 31 मई। सुमेरपुर क्षेत्र में शनिवार को आई तेज आंधी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। अचानक चली तेज हवाओं के कारण जालोर चौराहे के पास एक बड़ा हादसा हो गया। तेज आंधी के चलते लोहे की चादरें उड़कर राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों पर गिर गईं, जिससे बच्चों और महिलाओं सहित करीब छह लोग घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत सुमेरपुर उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

अस्पताल प्रभारी डॉ. महिपाल सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम घायलों की निगरानी कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है तथा उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही सुमेरपुर सिटी थाना की सब इंस्पेक्टर ललिता मीणा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस एवं प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

तेज आंधी के कारण क्षेत्र में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

About The Author