शिवगंज। शिवगंज के काम्बेश्वर रोड स्थित बादला गांव के निकट सोमवार तड़के करीब 2 बजे एक खेत की बाड़ में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और खेत की आधे से अधिक बाड़ को अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर मौजूद बिजली विभाग के एक लाइनमैन ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बिजली के खंभे से तार टूटकर नीचे गिरने के कारण आग भड़की। रात के समय तेज चिंगारी के साथ सूखी झाड़ियों और बाड़ में आग फैलती चली गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग के कर्मचारी ने तत्काल शिवगंज फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास के खेतों और अन्य क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल विभाग कुछ देर और पहुंचता तो आग बड़े नुकसान का कारण बन सकती थी। आग की घटना से किसानों में भी चिंता का माहौल देखा गया, क्योंकि इस समय खेतों में सूखी घास और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद रहती है।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई। आग से केवल खेत की बाड़ को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद संबंधित विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन की सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
