सुमेरपुर। शहर में लगातार बिजली कटौती और पिछले 24 घंटे से अधिक समय तक कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप रहने से रविवार की आधी रात को लोगों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया। शहर के युवाओं और नागरिकों ने पहले बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद आक्रोशित भीड़ कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत के निवास की ओर पहुंच गई, जहां प्रदर्शनकारियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शनिवार शाम आई तेज आंधी के बाद से शहर के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, लेकिन विभाग समय पर आपूर्ति बहाल करने में विफल रहा। भीषण गर्मी में लोगों को बिना बिजली के रातें गुजारनी पड़ीं, जिससे आमजन, व्यापारी, विद्यार्थी और ऑनलाइन कार्य करने वाले लोग बुरी तरह प्रभावित हुए।
मंत्री आवास के बाहर लगे नारे
बिजली विभाग कार्यालय के बाद बड़ी संख्या में लोग मंत्री निवास के बाहर पहुंचे, जहां विरोध प्रदर्शन के दौरान जोरदार नारेबाजी की गई। मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।
एसडीएम ने संभाला मोर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कालूराम कुम्हार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और बिजली विभाग के अधिकारियों से तत्काल समन्वय कर बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए।
आश्वासन के बाद भी नहीं माने लोग
प्रशासन की ओर से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन प्रदर्शनकारी तत्काल समाधान की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए ताकि हर वर्ष आंधी और बारिश के समय शहर को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सुमेरपुर में लंबे समय से बिजली कटौती और तकनीकी खामियों की समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। पहली ही आंधी में बिजली तंत्र के ठप हो जाने से विभाग की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
शहरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ और समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
