पाली, 18 अप्रैल। जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग, पाली अंतर्गत संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट, पाली द्वारा शनिवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर बाल विवाह की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अक्षय तृतीया एवं पीपल पूर्णिमा जैसे अवसरों पर बाल विवाह की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आयुक्त, बाल अधिकारिता विभाग, जयपुर एवं जिला कलेक्टर, पाली डॉ. रविंद्र गोस्वामी के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग, पाली की सहायक निदेशक डॉ. टीना अरोड़ा ने बताया कि ऐश्वर्या कॉलेज नयागांव, सर्वोदय नगर, राजकीय अम्बेडकर छात्रावास (एससी), राजकीय देवनारायण छात्रावास तथा पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुमेरपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट पाली के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर योगेन्द्र सिंह राठौड़, सुपरवाइजर विनय कुमार एवं प्रिंस सैन द्वारा आमजन और विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल विवाह प्रतिषेध कानून, बाल श्रम एवं पॉक्सो अधिनियम की जानकारी दी गई। साथ ही सभी को बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई गई।
