राजस्थान में शादियों के सीजन को देखते हुए भजनलाल सरकार ने जनता की एक बड़ी चिंता दूर कर दी है. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने सचिवालय में हुई एक हाई लेवल बैठक के बाद साफ किया है कि राज्य में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सुनिश्चित की जाएगी. खासकर विवाह समारोहों के लिए अब सिलेंडरों का विशेष कोटा तय कर दिया गया है

सुमेरपुर क्षेत्र में शादी सीजन कल से शुरू होगा। ऐसे में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी को देखते हुए प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। अब जिन घरों में शादी है, उन्हें तहसील कार्यालय अथवा रसद विभाग पाली में शादी कार्ड के साथ आवेदन जमा कराना होगा। इसके बाद ही नगर में अधिकतम 3 व ग्रामीण में 2 कमर्शियल सिलेंडर दिए जाएंगे।

आवेदन मिलने के बाद तहसील कार्यालय सुमेरपुर द्वारा विवाह समारोहों में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने को लेकर जिला रसद अधिकारी पाली को सूची प्रेषित की गई है। इसमें विभिन्न तिथियों पर होने वाले विवाह आयोजनों के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की गई है। तहसीलदार हिमांशु कच्छवाह ने बताया कि विवाह समारोह के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं।

इसमें अलग-अलग तिथियों को भेजे गए पत्रों में विवाह सीजन को देखते हुए 103 परिवारों ने सिलेंडर के लिए आवेदन किए हैं। इन आवेदनों को जिला रसद विभाग तक भिजवाया गया है, ताकि समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा सकें। सूचियों में सुमेरपुर क्षेत्र के अनेक आवेदकों के नाम, पते और विवाह तिथियां शामिल हैं। अधिकांश विवाह 19 अप्रैल से 6 मई 2026 के बीच निर्धारित हैं।

About The Author